
भिलाई – बीएफ-8 ने 20 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का मील का पत्थर छुआ, बीआरएम ने बनाया नया दैनिक उत्पादन रिकॉर्ड
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) ने परिचालन दक्षता की दिशा में एक साथ दो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ दर्ज की हैं। संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 (महमाया) ने 20 मिलियन टन (एमटी) हॉट मेटल के संचयी उत्पादन का ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है, वहीं बार एंड रॉड मिल (बीआरएम) ने चुनौतीपूर्ण 12 मिमी टीएमटी बार श्रेणी में नया दैनिक उत्पादन रिकॉर्ड स्थापित किया है।
निदेशक प्रभारी, भिलाई इस्पात संयंत्र चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार तथा संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन ने ब्लास्ट फर्नेस और बीआरएम बिरादरी को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई दी। ब्लास्ट फर्नेस-8 (महमाया) ने 10 मार्च 2026 को 20 मिलियन टन हॉट मेटल उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया।
इस फर्नेस का 2 फरवरी 2018 को प्रचालन प्रारंभ हुआ था और मात्र 2,959 दिनों में यह उपलब्धि प्राप्त कर ली गई। इस प्रकार अपनी क्षमता वर्ग के अंतर्गत यह फर्नेस अपने समकक्ष इकाइयों में सबसे तेज़ी से 20 एमटी उत्पादन तक पहुँचने वाला फर्नेस बन गया है। उल्लेखनीय है कि 19 एमटी से 20 एमटी तक की यात्रा केवल 123 दिनों में पूरी की गई, जो इसकी उत्कृष्ट परिचालन दक्षता और निरंतरता को दर्शाता है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में बीएफ-8 के सेंट्रल कंट्रोल रूम (सीसीआर) में केक काटकर उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) मनोज कुमार ने ब्लास्ट फर्नेस टीम के साथ इस उपलब्धि का उत्सव मनाया। टीम के साथ संवाद करते हुए मुख्य महाप्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि यह मील का पत्थर ब्लास्ट फर्नेस टीम की तकनीकी दक्षता और परिचालन उत्कृष्टता का सशक्त प्रमाण है।
उन्होंने टीम के समर्पण और निरंतर बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें सुरक्षा के उच्चतम मानकों के साथ और अधिक उत्पादकता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में एक अन्य उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए बार एंड रॉड मिल (बीआरएम) ने 8 मार्च 2026 को 12 मिमी टीएमटी बार श्रेणी में 3,405 टन (1,653 बिलेट) उत्पादन कर नया “डे रिकॉर्ड” स्थापित किया। इससे पहले 4 अक्टूबर 2025 को 3,390 टन (1,646 बिलेट) का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।
उल्लेखनीय है कि बीआरएम के उत्पाद वर्तमान में कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परियोजनाओं में उपयोग किए जा रहे हैं, जिनमें सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट, बुलेट ट्रेन परियोजना, अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर तथा सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निष्पादित विभिन्न परियोजनाएँ शामिल हैं।
मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (बीआरएम) योगेश शास्त्री ने इस उपलब्धि को टीमवर्क और सतत सुधार की संस्कृति का परिणाम बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मिल भविष्य में भी ऐसे नए मानक स्थापित करती रहेगी। साथ ही उन्होंने प्रबंधन, कर्मचारियों, यूनियनों तथा सहयोगी विभागों के प्रति उनके निरंतर सहयोग और समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक एस. एन. त्रिपाठी, महाप्रबंधक आशीष, महाप्रबंधक शाश्वत मोहंती, महाप्रबंधक समीर पांडेय तथा महाप्रबंधक शिखर तिवारी सहित बीआरएम के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मिल परिवार को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




