शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस दुर्ग की सख्त कार्यवाही, शासकीय वाहन चालक सहित 10 कार चालक पकड़े गए…

दुर्ग/ संक्षिप्त विवरण :
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 20.04.2026 को देर शाम से रात्रि तक जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों, ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट क्षेत्रों में विशेष शराब चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई।
जांच के दौरान एक मालवाहक वाहन, जिसमें शासकीय शराब का परिवहन किया जा रहा था, के चालक को शराब सेवन की स्थिति में वाहन चलाते पाया गया। उक्त कृत्य गंभीर लापरवाही पाए जाने पर तत्काल वाहन जप्त कर न्यायालयीन कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया तथा वाहन में लोड सामग्री को संबंधित विभाग के सुपुर्द किया गया।
इसके अतिरिक्त कार एवं लग्जरी वाहन चालकों की सघन जांच के दौरान कुल 10 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि किसी भी प्रकार के वाहन चालक, चाहे वह निजी, व्यावसायिक अथवा शासकीय कार्य में संलग्न हो, नियमों का उल्लंघन करने पर उसके विरुद्ध समान रूप से कठोर कार्यवाही की जाएगी।
▪️ सराहनीय कार्य : उक्त कार्यवाही में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी एवं स्टाफ की सक्रिय एवं सतर्क भूमिका रही, जिनके द्वारा समन्वित एवं प्रभावी तरीके से अभियान संचालित किया गया।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि शराब सेवन के पश्चात वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन करें एवं स्वयं तथा अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




