
खुर्सीपार में बेटे ने पिता की फावड़े से की हत्या
भिलाई: भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की लत में डूबे एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना बालाजी नगर, सड़क 52, जोन 2 खुर्सीपार की है। जानकारी के अनुसार, करण नारायण सिंह नामक युवक ने देर रात अपने पिता श्याम नारायण (65 वर्ष) के सिर पर फावड़े से हमला कर उनकी जान ले ली।
पैसों के लिए रोजाना होता था विवाद
पुलिस के अनुसार, करण नारायण सिंह अक्सर अपने पिता से पैसों की मांग करता था और नशे का आदी होने के कारण आए दिन उनके बीच विवाद होता रहता था। मृतक श्याम नारायण, जो बीएसपी से रिटायर्ड थे, अपने बेटे को काम करने की सलाह देते थे, लेकिन करण ने इसे लेकर नाराजगी पाल रखी थी। जब परिवार छठ पूजा के लिए झारखंड गया हुआ था, घर पर पिता-पुत्र अकेले थे। इस दौरान करण ने सो रहे पिता के सिर पर फावड़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी करण नारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक छावनी हरीश पाटिल ने बताया कि घटना की जांच जारी है और मामले में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




