
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग तथा जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएच एंड आरसी) के संयुक्त तत्वावधान में ‘मिशन लक्ष्मी’ के अंतर्गत बी. आर. जे. शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग में एक दिवसीय स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 85 छात्राओं और 5 शिक्षकों ने भाग लिया।
शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में किशोरावस्था की छात्राओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर चिकित्सकीय जानकारी दी गई। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. माला चौधरी ने बाल स्वास्थ्य और टीकाकरण पर जानकारी साझा की।

चिकित्सक डॉ. जकिया ने प्रजनन स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता एवं मेनस्ट्रुअल हाइजीन के महत्व को रेखांकित किया, वहीं आहार विशेषज्ञ सुश्री लता मिश्रा ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के विषय में जानकारी दी। शिविर की एक प्रमुख आकर्षण रहा कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का प्रदर्शन, जिसमें छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साथ ही हीमोग्लोबिन स्तर एवं ब्लड ग्रुप की जांच हेतु प्रतिभागियों से कुल 87 रक्त नमूने एकत्र किए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाली 25 छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने कहा, “स्वस्थ होने का अर्थ केवल शारीरिक रूप से फिट होना नहीं है, बल्कि मानसिक एवं भावनात्मक रूप से भी स्वस्थ होना आवश्यक है।
एक संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर दीर्घकालिक बीमारियों से बचा जा सकता है। आत्म-स्वाभिमान और आत्म-छवि के लिए स्वयं के स्वास्थ्य की देखभाल अत्यंत महत्वपूर्ण है।”शिविर का आयोजन एवं समन्वयन कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. रविंद्रनाथ एम. के मार्गदर्शन में किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण डॉ. वीनेता द्विवेदी, डॉ. एस. मुखर्जी, डॉ. उदय कुमार, तथा अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा कांगो का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संचालन एवं व्यवस्थापन में महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) संजय दवे, महाप्रबंधक (सीएसआर) शिवराजन नायर, एवं उप महाप्रबंधक (सीएसआर) श्रीमती अपर्णा चंद्रा की प्रमुख भूमिका रही।
भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग से सुश्री शशि सिंह, सहायक प्रबंधक, बुधे लाल, प्रयोगशाला तकनीशियन सुश्री गुंजन एवं श्रीमती सरिता चौधरी, तथा विद्यालय से श्रीमती धर्मा सिंह, श्रीमती प्रियांका, श्रीमती नाज़िया एवं हिमांशु ने आयोजन की सफलता में उल्लेखनीय योगदान दिया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




